आगजनी में दो लोगों का घर सहित हजारों का नुकसान !
सुपौल/सरायगढ़: विमल भारती
होली के दिन आगजनी में दो लोगों का घर सहित हजारों का नुकसान !
बिहार/सुपौल: होली पर्व के दिन सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड के गंगापुर वार्ड नंबर-16 में मिश्री लाल यादव के घर आग लगने से उसका एक मवेशी घर सहित जलकर राख हो गया। दोपहर के समय लगी आग को बुझाने के लिए आस-पड़ोस के लोगों तथा ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आगजनी के घटना की जानकारी पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार, अंचलाधिकारी संजय कुमार, स्थानीय मुखिया सुनीता देवी, किशोर कुमार, जिला परिषद सदस्य पद के भावी उम्मीदवार उपेंद्र प्रसाद यादव सहित कई लोग घटनास्थल पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवार को सांत्वना दिए।
अंचलाधिकारी ने कहा कि आगजनी की घटना में जलकर मरी दुधारू गाय का मवेशी चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम करा कर आगे की कार्रवाई की जायेगी। इस दौरान वहां उपस्थित लोगों ने अंचलाधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का अनुरोध किया।
आगजनी की दूसरी घटना मुरली वार्ड नंबर-1 में हुई जहां एक व्यक्ति का भूसा का घर जल गया। अंचलाधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी वहां भी जाकर स्थिति का जायजा लिये।
अंचलाधिकारी ने कहा कि लोगों को अब सतर्क रहने की जरूरत है। पछुआ हवा जब-जब तेज चलेगी, तब आगजनी की घटना की आशंका बनी रहती है। इस कारण लोग अपने-अपने घर तथा अगल -बगल में आग को बुझा कर रखें ताकि घटना ना हो।
मुरली तथा गंगापुर में लोगों ने अंचलाधिकारी से कहा कि प्रखंड कार्यालय परिसर में दमकल गाड़ी स्थाई रूप से रखा जाए ताकि आपातकाल में लोगों का मदद हो सके।