गढ़िया गांव में नहीं मिल रहा नल से जल, लोगों में आक्रोश !
सुपौल/सरायगढ़: विमल भारती
गढ़िया गांव में नहीं मिल रहा नल से जल, लोगों में आक्रोश !
बिहार/सुपौल: प्रखंड मुख्यालय के पंचायत भपटियाही के गढ़िया वार्ड नंबर 8 के लोगों को अभी तक सरकार के नलजल परियोजना का लाभ नहीं मिल सका है। वार्ड नंबर 8 में दो जगह नल जल का परियोजना लगाया गया लेकिन उससे लोगों को जल नहीं मिल रहा।
पानी टंकी लगने के बाद भी नल से जल नहीं मिलने से लोगों को विबशता में आयरन युक्त जल पीना पड़ रहा है। वहां के वार्ड सदस्य संजय कुमार मेहता ने शनिवार के दिन बताया कि नल जल परियोजना महज दिखावा बना है। 500 परिवार के वार्ड में 10 से 15 लोगों के घर तक पाइप बिछाया गया है। बाकी लोग लंबे समय से इंतजार में है कि उनके घर तक कब नल का जल पहुंचेगा। लेकिन कार्य के ठेकेदार पलट कर गांव नहीं आ रहे हैं।
गांव के कई महिलाओं ने आक्रोश व्यक्त करते कहा की नल जल योजना ठेकेदार के लिए कामधेनु बन गया है। काम को शुरू किए हुए लंबा समय बीत गया लेकिन अभी तक उन सबों के घर तक पाइप भी नहीं बिछाया गया। उधर सरकार बार-बार नल से जल उपलब्ध कराने के लिए घोषणा कर रही है। महिलाओं ने कहा कि गढ़िया वार्ड नंबर 8 कोसी नदी के किनारे अवस्थित है जहां बाढ़ के समय में पानी दूषित हो जाता है।
चापाकल से निकलने वाला पानी में आयरन ज्यादे होता है जिस कारण उसके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। अगर नल जल परियोजना से पानी मिलता तो कई लोग बीमार होने से बच सकते थे। लेकिन नल से जल मिलने की उम्मीद दिखाई नहीं दे रही है।
महिलाओं ने जिला पदाधिकारी सुपौल से गढ़िया गांव में लगे नल जल परियोजना में बढ़ती जा रही धांधली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध की है।