मौसम की मार, जार-जार रो रहे किसान !
करजाइन: गौरीश मिश्रा
मौसम की मार, जार-जार रो रहे किसान !
बिहार/सुपौल : मौसम के बदले मिजाज के कहर ने किसानों को रुला दिया है। क्षेत्र में बुधवार की रात तेज हवा के साथ हुई बारिश के रुकने के साथ अब बर्बादी के निशान दिखने लगे हैं। बारिश ने किसानों को मायूस कर दिया है। हवा-बारिश के चलते धान की फसल खेतों में बिछी हुई है और ऊपर से पानी भरा हुआ है। धान की फसलों पर मौसम ने पानी फेर दिया है। मौसम के रुख से परेशान किसान अपनी किस्मत को कोसने को मजबूर हैं। साथ ही बारिश से सब्जी की खेती को खासा नुकसान पहुंचा है।
मौसम के इस तरह बदले मिजाज ने किसानों के माथों पर सिकन ला दी है। बालियों से भरी धान के बर्बाद होने से किसान खासे चिंतित हैं। बायसी पंचायत के किसान रमेश मेहता, मु. सलाउद्दीन, मु. अलाउद्दीन, मु. जाकिर हुसैन, राजीव सिंह, मनोज सिंह, कमल रजक, तारानंद रजक, दुर्गानंद मुखिया, चौधरी यादव, विन्देश्वरी रजक आदि ने बताया कि बारिश के चलते धान की फसल को खासा नुकसान हुआ है। दर्जनों एकड़ में खड़ी धान की फसल खेतों में बिछ गई है। मायूस किसानों ने बताया कि कर्ज लेकर की गई धान खेती को बारिश ने बर्बाद कर दिया है।