संपूर्ण लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर भपटियाही बाजार में दो दुकान सील !
सुपौल/सरायगढ़: विमल भारती
संपूर्ण लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर भपटियाही बाजार में दो दुकान सील !
बिहार/सुपौल: कोरोना महामारी को लेकर सरकार द्वारा लगाए गए संपूर्ण लॉकडाउन के उल्लंघन के आरोप में रविवार के दिन भपटियाही बाजार के दो दुकान को प्रशासन ने सील कर दिया।
जानकारी अनुसार अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश पर बाजार के मुन्ना वस्त्रालय को प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार, अंचलाधिकारी संजय कुमार तथा भपटियाही थाना के प्रभारी थाना अध्यक्ष आरके सिंह ने सील किया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा अनुमंडल पदाधिकारी रविवार के दिन बाजार से गुजर रहे थे तो उन्होंने मुन्ना वस्त्रालय को खुला देखा। बताया कि एसडीओ के आदेश के आलोक में कार्रवाई करते हुए मुन्ना वस्त्रालय को सील कर दिया गया है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि बबलू महतो के हार्डवेयर दुकान को भी सील कर दिया गया है। बताया कि संपूर्ण लॉकडाउन के दौरान दुकान खोलने के नियम के खिलाफ बबलू महतो द्वारा कार्य किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि बबलू महतो द्वारा दुकान खोल कर रखने की जानकारी उन्हें बार-बार मिल रही थी।
बताया कि रविवार के दिन जब उसके दुकान पर पहुंचे तो दुकान खुली थी। बताया कि उनके दुकान को भी सील कर दिया गया है तथा जानकारी जिला पदाधिकारी को दे दी गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि जारी गाइडलाइन के खिलाफ जो भी दुकानदार दुकान चलाएंगे उसके दुकान को सील कर दिया जाएगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी के इस कार्रवाई से बाजार के दुकानदारों में हड़कंप दिखाई दिया।