बस और बाइक की हुई टक्कर, एक की मौत !
छातापुर: आशीष कुमार सिंह
बस और बाइक की हुई टक्कर, एक की मौत !
बिहार/सुपौल: छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहटा पंचायत स्थित शिव मंदिर से पूरब बुधवार की संध्या बस और बाइक जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हे उपचार हेतु छातापुर पीएचसी लाया गया जहां घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। जहां गंभीर रूप से घायल विद्यानंद शर्मा की मृत्यु हो गई।
मृतक विद्यानंद शर्मा का पार्थिव शरीर उनके घर सोहटा पंचायत के वार्ड संख्या पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई तथा मृतक के परिजनों को सांत्वना दिया जाने लगा। प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक विद्यानंद शर्मा के 2 पुत्र तथा 2 पुत्री है तथा सभी शादीशुदा है। वहीं मृतक की पत्नी मीरा देवी का अपने पति के आकस्मिक मृत्यु से रो रो कर बुरा हाल था। जानकारी देते हुए मृतक विद्यानंद शर्मा के चचेरे भाई पवन शर्मा ने बताया की वो मिलनसार तथा शांत स्वभाव के थे। पुर्व में वो वार्ड सदस्य भी रह चुके थे तथा अभी समाजसेवा तथा अपनी खेती बाड़ी से जुड़े हुए थे। उन्होंने बताया की उनकी हुई आकस्मिक मृत्यु ने परिजनों को झकझोड़ कर रख दिया है।
वहीं घटना में गंभीर रूप से घायल कटहरा पंचायत वार्ड संख्या 9 निवासी सुरेंद्र सिंह के परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया की उनकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज सुपौल के किसी निजी अस्पताल में चल रहा है। सुरेंद्र सिंह के पुत्र अरुण कुमार ने बताया कि खेती बारी के अलावा उनके पिता पारिवारिक भरण पोषण हेतु अन्य राज्य मजदूरी करने भी जाते थे। आकस्मिक हुई इस घटना से परिवार के आर्थिक रूप से कमजोर होने की वजह से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया की गंभीर रूप से घायल उनके पिता के इलाज हेतु बड़ी रकम की आवश्यकता है। घटना में जहां पीड़ित परिजनों द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया है की दुर्घटना जिस बस से हुई है उसका नाम पुष्प विमान है तथा उसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR 50P 0292 हैं जिसकी जानकारी उन्हें छातापुर थाना से प्राप्त हुई है।
वहीं इस संदर्भ में छातापुर थानाध्यक्ष राम इकबाल पासवान ने पूछने पर बताया कि इस संबंध में जांच चल रही है तथा घटना में प्रयुक्त वाहन की खोजबीन जारी है तथा इस संदर्भ में अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।